मुख्यमंत्री ने दिवंगत डॉ. सिंह के मुख में गंगाजल डाला

श्रीमती राजे डॉ. सिंह की अंत्येष्टि के लिए भरतपुर पहुंचीं

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने राजस्थान में बीस सूत्री कार्यक्रम समिति के उपाध्यक्ष डॉ. दिगम्बर सिंह के अंतिम संस्कार के समय दिवंगत के मुख में गंगाजल डाला और उनके मोक्ष की कामना की। डॉ. सिंह की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए शुक्रवार को भरतपुर पहुंची श्रीमती राजे ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्यमंत्री ने डॉ. सिंह के निवास पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्हांने कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सकारात्मक सहयोग से राज्य सरकार की अनेक फ्लैगशिप योजनाओं को गति मिली। प्रदेश एवं राज्य सरकार डॉ. सिंह की कमी हमेशा खलेगी।

श्रीमती राजे ने कहा कि उनकी सरकार के पिछले कार्यकाल में डॉ. सिंह ने विभिन्न विभागों के मंत्री के रूप में केवल मात्र भरतपुर को ही नहीं, अपितु राजस्थान को विकास के रास्ते पर तीव्र गति से ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल में भी उन्होंने बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष के नाते योजनाओं को मूर्तरूप दिलाकर समूचे राजस्थान के निर्धन एवं बेसहारा सहित अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाया।

मुख्यमंत्री ने डॉ. सिंह को सकारात्मक सोच वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनमें विषम परिस्थितियों में भी हौसला बनाये रखने की काबिलियत थी। उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठता, दृढ़संकल्प के साथ जाति एवं धर्म से निरपेक्ष रहकर क्षेत्र एवं राज्य के विकास के लिए कड़ी मेहनत से सरकार के सम्मुख जो परिणाम रखे वह काबिले तारीफ हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह मृदुभाषी, सौम्य स्वभाव के व्यक्तित्व के धनी थे, जिसके कारण उन्होंने राजनैतिक जीवन में बुलन्दियों को छुआ।

इस दौरान पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक परनामी, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राठौड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री कालीचरण सराफ, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. अरूण चतुर्वेदी, सामान्य प्रशासन मंत्री श्री हेमसिंह भडाना, नगरीय विकास मंत्री श्री श्रीचंद कृपलानी, खनिज राज्यमंत्री श्री सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी, पर्यटन राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णेन्द्र कौर, ऊर्जा राज्यमंत्री श्री पुष्पेन्द्र सिंह, अर्न्तराज्यीय जल वितरण समिति के अध्यक्ष श्री रोहिताश शर्मा, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्री श्रीकृष्ण पाटीदार, उत्तरप्रदेश के देवस्थान एवं वक्फ मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, राज्यसभा सांसद श्री ओम माथुर, भरतपुर सांसद श्री बहादुर सिंह कोली, विधायक श्री घनश्याम तिवाड़ी, श्री विश्वेन्द्र सिंह, श्री विजय बंसल, श्री भजनलाल जाटव, श्री धर्मपाल चौधरी, श्री रामहेत यादव, नगर निगम के महापौर श्री शिव सिंह भौंट, संभागीय आयुक्त श्री सुबीर कुमार, पुलिस महानिरीक्षक श्री आलोक वशिष्ठ सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा विभिन्न राजनैतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्यजन सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद थे।

भरतपुर, 27 अक्टूबर 2017