सीएम ने बच्चों की बीमारियों के उपचार पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण किया

पुस्तक में है बच्चों की 7 हजार दुर्लभ बीमारियों का इलाज

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने आज मुख्यमंत्री निवास पर जेकेलोन अस्पताल, जयपुर के अधीक्षक डाॅक्टर अशोक गुप्ता द्वारा संपादित पुस्तक ’रेयर डिजीज इन पेडियाट्रिक्स’ का लोकार्पण किया। यह पुस्तक बच्चों में दुर्लभ बीमारियों एवं उनके उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित है।

श्रीमती राजे ने पुस्तक की प्रति पर हस्ताक्षर करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नए चिकित्सकों को बच्चों की दुर्लभ बीमारियों के सफल उपचार करने का मार्गदर्शन प्रदान करेगी।

पुस्तक के संपादक डाॅ. अशोक गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह पुस्तक का दूसरा संस्करण है। इसमें बच्चों में सात हजार तरह की दुर्लभ बीमारियों के लक्षण एवं उपचार की विस्तृत जानकारी समाहित की गई है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के लिए लिखी गई यह पुस्तक उन्हें इन दुर्लभ बीमारियों की सफल चिकित्सा करने का मार्गदर्शन प्रदान करेगी। पुस्तक के सह संपादक डाॅक्टर पीयूष माथुर एवं डाॅक्टर कमलेश अग्रवाल हैं। यह पुस्तक दुर्लभ रोगों से ग्रसित बच्चों और उनकी देखभाल करने वाले अभिभावकों को समर्पित की गई है।

जयपुर, 17 दिसम्बर 2015

DSC_7117