पार्टी की नींव हैं हमारे वरिष्ठ कार्यकर्ता

जोधपुर में भाजयुमो का वटवृक्ष सम्मान समारोह

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी अगर सफल है तो इसका श्रेय उन वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने नींव का पत्थर बनकर अपना सम्पूर्ण जीवन पार्टी की विचारधारा और मूल्यों को आगे बढ़ाने में लगा दिया। श्रीमती राजे बुधवार को जोधपुर के रावण का चबुतरा मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा, जोधपुर के वट वृक्ष सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं।

कार्यकर्ताओं की मेहनत ने दिलाई सफलता

श्रीमती राजे ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मन लगाकर काम किया और पार्टी विधानसभा चुनावों में 163 सीटें और लोकसभा चुनाव में पूरी 25 की 25 सीटें ले आई। उन्होंने कहा कि जोधपुर में कार्यकर्ताओं से जो स्नेह और सम्मान मिलता है, उसके कारण उन्हें जोधपुर आना पसंद है। राज्य सरकार भी कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत कर रही है। हमने विकास के कामों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जोधपुर ही नहीं पूरे राजस्थान में खूब विकास कार्य हुए हैं। पार्टी के सभी विधायक और सभी सांसद मिलकर सरकार के इन विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

कर्ज को हमने चुनौती के रूप में स्वीकार किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार जब हमारी सरकार सत्ता में आई तो बिजली कम्पनियों का 80 हजार करोड़ का कर्ज मिलाकर कुल ढ़ाई लाख करोड़ रूपये का कर्ज पिछली सरकार ने छोड़ा था। इतना बड़ा कर्ज हमारे लिए चुनौती था, जिसे हमने स्वीकार किया और विकास को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हम सभी को जुटकर काम करना होगा, रात-दिन मेहनत कर भारतीय जनता पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना होगा।

जोधपुर में साढ़े ग्यारह हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य

श्रीमती राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले तीन साल में जोधपुर में 11 हजार 650 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्य करवाए हैं। प्रदेश में पिछले तीन साल में 21 हजार किमी सड़के बनाई जा चुकी हैं और आने वाले दो साल में 11 हजार किमी सड़के और बनेंगी। इस तरह पांच सालों में 32 हजार किमी से ज्यादा सड़के बनेंगी जो हमारी सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य से अधिक हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में हमने बदली तस्वीर

श्रीमती राजे ने कहा कि पिछले तीन साल में हमारी सरकार ने किसानों को 46 हजार करोड़ रूपये के ऋण वितरित किए हैं जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने पूरे पांच साल में केवल 43 हजार करोड़ रूपये के ऋण वितरित किए थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछले तीन साल में तस्वीर बदल गई है, पहले शिक्षकों के 60 प्रतिशत पद रिक्त थे जो पिछले तीन साल में घटकर 23 प्रतिशत तक रह गए हैं और आने वाले 5-6 महीने में हमारी सरकार इसे 15 प्रतिशत तक ले आएगी। सरकार शिक्षकों की ज्यादा से ज्यादा भर्ती कर रही है ताकि प्रदेश में स्कूलों में शिक्षक पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयासों से सरकारी स्कूलों में 13 लाख बच्चों का नामांकन बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि राजस्थान विकास की दृष्टि से कहीं पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने इस अवसर पर सम्मानित हुए पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और 19 मंडल अध्यक्षों को शुभकामनाएं दी।

केन्द्रीय कानून राज्य मंत्री श्री पीपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राजस्थान में विकास के कई कार्य हुए हैं, जिन्हें जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पुरजोर तरीके से ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि जल स्वावलम्बन अभियान जैसे कार्यक्रमों की देश ही नहीं दुनिया में तारीफ हो रही है।

सम्मान समारोह में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री सुरेन्द्र गोयल, राज्यमंत्री श्रीमती कमसा मेघवाल, राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक श्री नारायण पंचारिया, सांसद श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, राज्यसभा सदस्य श्री रामनारायण डूडी, लूनी विधायक जोगाराम पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गहलोत, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक सैनी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष श्री देवेन्द्र जोशी, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्री भोपाल सिंह बडला सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

जयपुर/जोधपुर, 25 जनवरी 2017