Commendable initiative to protect women’s rights
मुख्यमंत्री ने किया महिला आयोग की पुस्तिकाओं का विमोचन
कई बार महिलाएं कानून की सामान्य जानकारी नहीं होने के कारण अपने हक की लड़ाई नहीं लड़ पातीं। अब ऐसी महिलाओं को उनके कानूनी हक से अवगत कराने की दिशा में राज्य महिला आयोग ने पहल की है। आयोग ने ऐसी दो पुस्तिकाओं का प्रकाशन किया है जो महिलाओं को कानूनी प्रावधानों तथा आयोग के द्वारा उन्हें प्रदान की जाने वाली सहायता एवं सहयोग के बारे में जागरूक करेंगी।
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य महिला आयोग द्वारा प्रकाशित इन पुस्तिकाओं का विमोचन किया। श्रीमती राजे ने महिलाओं में विधिक जागरूकता प्रदान करने के लिए आयोग के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हकों की रक्षा के लिए संविधान में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। जरूरत है तो उन्हें जागरूक बनाने की। ऐसी महिलाओं को इससे निश्चय ही सहायता मिलेगी।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा ने बताया कि आयोग द्वारा गठित किए जा रहे जिला महिला मंचों तथा अन्य माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में इन पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। उन्होंने महिला सशक्तीकरण से संबंधित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं-भामाशाह योजना, मुख्यमंत्री राजश्री योजना आदि के प्रचार-प्रसार के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी।
जयपुर, 15 जून 2016
