जनता ने लगाई सुशासन पर मुहर

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को मिली शानदार विजय के लिए प्रदेश की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के डेढ़ वर्ष के सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है।

श्रीमती राजे ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनाव के बाद अब स्थानीय निकाय चुनाव में भी प्रदेश की जनता ने भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में भाजपा सरकार ने सुराज संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को हर चुनाव में मिल रही सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नये आयाम छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चुनावी नतीजों ने यह भी बता दिया है कि उनकी सरकार ने 36 की 36 कौमों और हर वर्ग के विकास का लक्ष्य लेकर प्रदेश की जनता के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। यह जीत उसी का परिणाम है।

श्रीमती राजे ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभायेंगे।

जयपुर, 20 अगस्त 2015