बुराइयों पर विजय प्राप्त करने का संकल्प लें

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सभी प्रदेशवासियों को दशहरे की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दशहरे का त्योहार भारतीय समाज की इस अवधारणा को पुष्ट करता है कि व्यक्ति जन्म से नहीं कर्म से अपने भाग्य का निर्धारण करता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आधुनिक विश्व में रामराज्य की परिकल्पना को साकार रूप देने के लिए भगवान राम के आदर्शों को अपनाना चाहिए। विजयादशमी हमारे भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त कर सद्गुणों का विकास करने की प्रेरणा देती है।

विश्व में मानवता सबसे बड़ा धर्म है। आज के युग में हमें हिंसा, आंतक और अनाचार के विरूद्ध धर्म युद्ध छेड़ने की आवश्यकता है। सत्य, अहिंसा, अस्तेय और परोपकार जैसे गुणों को अपनाने से ही मानव धर्म का विस्तार सम्भव है।

श्रीमती राजे ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस त्योहार पर प्रदेश में शांति और सद्भावना बनाए रखें और प्रदेश के विकास में हर सम्भव योगदान दें।

जयपुर, 21 अक्टूबर 2015
vr-fb-banner-22oct2015