मुख्यमंत्री ने डाॅ. कलाम को श्रद्धांजलि दी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राष्ट्रपति डाॅ. ए.पी.जे.अब्दुल कलाम को श्रद्धासुमन अर्पित किये।

श्रीमती राजे ने कहा कि डाॅ. कलाम सच्चे अर्थों में एक कर्मयोगी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन कड़ी मेहनत, लगन और उत्साह के साथ देश की सेवा में लगा दिया। डाॅ. कलाम को एक प्रख्यात वैज्ञानिक, मिसाइल मैन और आमजन के प्रिय राष्ट्रपति के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के मिसाइल तथा परमाणु कार्यक्रम मेें उनकी भूमिका के लिए राष्ट्र सदा उनका ऋणी रहेगा। वे लाखों बच्चों एवं युवाओं के लिए रोल माॅडल थे। उनके निधन से पूरा देश स्तब्ध है।

मैं भी पढ़ती हूं डाॅ. कलाम की किताबें

श्रीमती राजे ने कहा कि डाॅ. कलाम एक लेेखक और युगदृष्टा थे। मैं स्वयं भी उनकी लिखी किताबें पढ़ती हूं। कुछ दिन पहले ही मैंने उनकी एक किताब खरीदी थी। डाॅ.कलाम ने कहा था कि अगर देश उनको प्यार करता है तो उनकी मृत्यु के दिन छुट्टी नहीं करे, बल्कि उस दिन और ज्यादा काम करे।

जयपुर, 28 जुलाई 2015

_DSC0687