विकास के थमे पहियों को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने केन्द्र की एनडीए-2 सरकार की वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी के नेतृृत्व में देश में महंगाई पर अंकुश लगने के साथ ही विकास दर में बढ़ोतरी हुई है। विश्व में देश की साख बढ़ी है। दूरगामी सोच के साथ देश हित में लिये जा रहे नीतिगत फैसलों की देश और दुनिया में प्रशंसा हो रही है। सालों से थम चुके विकास के पहिये को केन्द्र की एनडीए सरकार ने रफ्तार दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, डिजीटल इंडिया, प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री बीमा योजना जैसी योजनाओं से देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति की बुनियाद तैयार हुई है। कोल ब्लाॅक एवं 2-जी स्पेक्ट्रम की पारदर्शी नीलामी से देशवासियों में सरकार के प्रति पुनः विश्वास जाग्रत हुआ है। केन्द्र सरकार के आर्थिक सुधारों के कारण देश-विदेश के निवेशकों का भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसा बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों को देश के विकास में बराबर का भागीदार बनाया है। आज मुख्यमंत्री नीति आयोग के माध्यम से अपने-अपने राज्यों के विकास की योजनाएं तैयार कर रहे हैं।

श्रीमती राजे ने कहा कि एनडीए सरकार की नीतियों से प्रदेश के विकास को भी गति मिली है। प्रधानमंत्री मोदी हमारे प्रदेश के विकास में व्यक्तिगत रूचि ले रहे हैं। साॅयल हैल्थ कार्ड तथा आजीविका स्किल्स प्रोजेक्ट जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का राजस्थान से शुभारंभ होना इसे दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृृतिक आपदा से पीडि़त प्रदेश के किसानों के लिए राज्य सरकार के अनुरोध पर प्रधानमंत्री ने आपदा राहत कोष नियमों में शिथिलता देकर किसानों को राहत देने का ऐतिहासिक फैसला किया है।

जयपुर, 25 मई 2015