हताशा और निराशा के माहौल के बाद अब मिली देश को मोदी के नेतृत्व में सशक्त सरकार – अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि 10 साल के हताशा और निराशा के माहौल के बाद केन्द्र में मोदी जी के नेतृत्व में सूझबूझ वाली सरकार बनी है, जिसने एक साल में देश से भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को अमरूदों के बाग में आयोजित भाजपा के महासम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लम्बे शासनकाल में गरीबों की चिंता नहीं की, लेकिन हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से अपने पहले उद्बोधन में ही प्रधानमंत्री जनधन योजना की घोषणा की और अब तक इस योजना के अन्तर्गत अब तक करोड़ों लोगों को बैंक खाते खुल चुके है।

श्री शाह ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने महंगाई को काफी हद तक काबू किया है। मेक इन इंडिया के माध्यम से दुनिया के उद्योगपतियों को यहां आकर निर्माण करने का प्लेटफार्म देने के साथ स्किल डवलपमेंट के माध्यम से देश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की तकलीफ को समझते हुए 50 प्रतिशत नुकसान का मानदंड को कम कर 33 प्रतिशत कर दिया और मुआवजा भी डेढ़ गुना कर दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अब तक सरकारें कालेधन पर सिर्फ बयान देती थी, लेकिन मोदी जी की सरकार ने अपनी पहली केबिनेट बैठक में कालेधन की जांच के लिए एसआईटी के गठन का प्रस्ताव पास किया। कालेधन को विदेशों में जमा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कानून बनाया ताकि देश का पैसा देश में ही रहे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद विदेशों में देश का सम्मान बढ़ाया है। अमेरिका, आॅस्टेलिया, फ्रांस एवं जर्मनी की उनकी यात्राओं के दौरान हजारों लोगों ने विदेश की धरती पर उनका स्वागत किया। मोदी जी के नेतृत्व में भारत 21वीं सदी में दुनिया को नेतृत्व प्रदान करने की ओर बढ़ रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे 1 मई से शुरू हो रहे महासम्पर्क अभियान के दौरान राजस्थान के कोने-कोने में जायें और लोगों को केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दें। उन्होंने पार्टी के सिद्धान्तों, योजनाओं व सरकार के अच्छे कार्याें को जनता के बीच ले जाने एवं महासम्पर्क अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए राज्य को देश का उत्कृष्ट राज्य बनाने के लिए आगे आने की अपील की।

महासम्मेलन में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पहली बार राजस्थान आने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके स्वागत के ये क्षण काफी भावुक है। सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री रामलाल ने कहा कि सदस्यता की दृष्टि से भाजपा आज सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। इस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन देकर अपना कार्य पूरा कर दिया, अब कार्यकर्ताओं को अपना काम करना होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि राजस्थान में वसुन्धरा जी के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में विकास के उल्लेखनीय कार्य हो रहे है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने कहा कि श्री अमित शाह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी वैश्विक आन्दोलन बनकर उभर रही है। उन्होंने कहा कि एक मई से शुरू होने वाले महासम्पर्क अभियान में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के पूरे प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन व सरकार के अभूतपूर्व समन्वय से प्रदेश विकास की नई ऊचाईयां छुएगा। उन्होंने कहा कि 85 लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य को 30 अप्रैल तक पूरा कर दिया जायेगा।

इस महासम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री श्योदान सिंह, केन्द्रीय सिंचाई राज्यमंत्री श्री सांवरलाल जाट, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं सरपंच स्तर तक के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

जयपुर, 25 अप्रेल 2015

DSC_1640-post-img