महिलाएं बन रहीं स्वावलंबन की मिसाल

मुख्यमंत्री से मिली टोंक की वसुन्धरा सखियां

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि महिलाएं ही महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर न केवल स्वावलंबन की राह पर चल पड़ी हैं बल्कि परिवार एवं समाज को भी नई दिशा दिखा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में टोंक की महिलाओं ने जो आगे बढ़कर काम किया है, उससे अन्य महिलाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

श्रीमती राजे शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर टोंक सांसद श्री सुखबीर सिंह जौनापुरिया के नेतृत्व में उनसे मिलने आईं टोंक के वसुन्धरा सखी महिला समूह की सैकड़ों महिलाओं को संबोधित कर रही थीं। इस महिला समूह की अगुवाई टोंक नगर परिषद् की सभापति श्रीमती लक्ष्मी जैन कर रही थीं। इस अवसर पर देवली नगरपालिका की चैयरमेन श्रीमती रेखा जैन भी मौजूद थीं।

नारी सशक्तीकरण की मुहिम में जुटीं इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस समूह से टोंक नगर परिषद् के सभी वार्डों की करीब दो हजार महिलाएं टैक्नोलॉजी के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं न केवल वहां सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढकर भाग लेती हैं, बल्कि अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी तत्पर रहती हैं। यह समूह सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की योजनाएं भी अन्य महिलाओं तक पहुंचा रहा है।

श्रीमती राजे इन महिलाओं के कार्यों से इतना प्रभावित हुईं कि वे उनके बीच जाकर बैठ गईं और उनके साथ फोटो खिंचवाए। मुख्यमंत्री ने वसुन्धरा सखी महिला समूह द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। उन्होंने इसके लिए नगर परिषद् सभापति श्रीमती जैन को बधाई भी दी।

इस अवसर पर टोंक नगरपरिषद् के उपसभापति श्री अजय सैनी, अन्य पार्षद, दुर्गेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

जयपुर, 17 मार्च 2018