डबल लेन होगी 10 किमी सड़क, झेर नदी पर बनेगा हाईलेवल ब्रिज

मुख्यमंत्री ने कुशलगढ़ को दी कई सौगातें

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बांसवाड़ा दौरे के दौरान सोमवार को कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ जनसंवाद के बाद कुशलगढ़ को गुजरात सीमा से जोड़ने वाली सड़क को डबल लेन करने सहित कई सौगातें दी। श्रीमती राजे ने आमजन की मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए ये घोषणाएं की-

  • कुशलगढ़ को गुजरात से जोड़ने वाली 10 किलोमीटर सड़क को डबल लेन किया जाएगा।
  • झेर नदी पर 2.70 करोड़ रुपये की लागत से हाईलेवल ब्रिज बनेगा।
  • मंगलेश्वर मंदिर में देवस्थान विभाग के माध्यम से 1 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे।
  • जिला परिवहन अधिकारी, बांसवाड़ा प्रतिमाह एक निश्चित दिन कुशलगढ़ में कैम्प करेंगे।
  • कुशलगढ़ कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू किया जाएगा।
  • स्थानीय लोगों को एक्स-रे सुविधा के लिए कुशलगढ़ में रेडियोग्राफर की पोस्टिंग होगी।
  • कुशलगढ़ में जरूरत के अनुसार सरस डेयरी बूथ खोले जाएंगे।

जयपुर/कुशलगढ़, 29 मई 2018