मुख्यमंत्री का बैंगलोर में सम्मान
राजस्थान की योजनाओं को सराहा
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे का कर्नाटक मारवाड़ी यूथ फैडरेशन की ओर से सोमवार को बेंगलुरु में केएमवाईएफ डीआर रांका डायलिसिस सेंटर परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मान किया गया। फैडरेशन के पदाधिकारियों एवं कर्नाटक में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने मुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर, शाॅल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर भव्य अभिनन्दन किया।
श्रीमती राजे ने इस अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के लोगों ने देश के कोने-कोने सहित पूरी दुनिया में अपनी उद्यमिता का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने अपनी व्यापार कुशलता और बुद्धिमता से प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने फैडरेशन की ओर से किए जा रहे जनकल्याण के कार्यों की सराहना की और फैडरेशन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को उनके सेवा कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मारवाड़ी यूथ फैडरेशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व में राजस्थान में संचालित भामाशाह, राजश्री, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, अन्नपूर्णा रसोई सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमती राजे के विजन एवं दूरदर्शी सोच से राजस्थान तेजी से तरक्की की राह पर बढ़ रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने फैडरेशन द्वारा संचालित डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण किया और मरीजों से कुशलक्षेम भी पूछी। कार्यक्रम में फैडरेशन के अध्यक्ष श्री नाहरमल मांडोत ने अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष श्री एफ.आर. सिंघवी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। उपाध्यक्ष डाॅ. उत्तम खींचा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कर्नाटक के विधायक श्री विजयकुमार, फैडरेशन के मंत्री श्री प्रशांत सिंघी, समाज सेवी श्री देवराज रांका सहित फैडरेशन के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा शहर के गणमान्यजन उपस्थित थे।

जयपुर, 6 फरवरी 2017
