वसुन्धरा सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति की चिंता करती है – अमित शाह

मोदी सरकार के फैसलों पर देश की जनता को पूरा भरोसा

भाजपा प्रबुद्धजन सम्मेलन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा है कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राजस्थान में श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में हमारी ऐसी सरकारें हैं जो गरीब से गरीब व्यक्ति की चिंता करती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ऐसे फैसले नहीं लेती जो जनता को अच्छे लगें, बल्कि ऐसे फैसले लेती है जो जनता के लिए अच्छे हों।

श्री शाह ने मुख्यमंत्री श्रीमती राजे की उपस्थिति में शुक्रवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा आंतरिक लोकतंत्र और सिद्धान्तों के आधार पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि सिद्धान्तों के प्रति निष्ठा ही पार्टी में आगे बढ़ने का आधार है। यही कारण है कि 10 सदस्यों से शुरू हुआ जनसंघ आज भाजपा के रूप में दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश ने कांग्रेस तथा कम्युनिस्ट पार्टी सहित कई राजनीतिक दलों की सरकारें केन्द्र एवं राज्यों में देखी हैं और भाजपा की सरकारें भी देखी हैं। आज कोई भी यह आकलन कर सकता है कि भाजपा की सरकारें निस्संदेह बेहतर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज तक बुद्धिजीवियों की पार्टियों की विचारधारा पर बहुत कम नजर गई है परन्तु यह आवश्यक है कि पार्टियों के सिद्धान्तांं की विवेचना की जाए क्योंकि पार्टियों की विचारधारा के आधार पर ही कोई देश आगे बढ़ता है।

श्री शाह ने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश हित में बिना संकोच के दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति के साथ फैसले लिए हैं। हमारी सरकार ने देश के अर्थतंत्र से हर देशवासी को जोड़ने के लिए जन-धन योजना, गरीब की झोपड़ी को धुआं मुक्त करने के लिए उज्ज्वला योजना और एक राष्ट्र-एक कर का स्वप्न साकार करने के लिए जीएसटी कर सुधार जैसे कदम उठाए।

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज पूरा देश कमलमय होता जा रहा है। भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ता जा रहा है।

श्रीमती राजे ने कहा कि मोदी जी की लोकप्रिय सरकार के फैसलों में जनता ने अभूतपूर्व विश्वास जताया है। जिसका नतीजा है कि हाल ही दुनिया की भरोसेमंद सरकारों की जो सूची जारी हुई है, उसमें हमारी केन्द्र सरकार पहले स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भी भाजपा की सुशासन नीति पर चलते हुए प्रदेश को प्रगति के पथ पर लाने का काम किया है। दिसम्बर, 2013 में हमारी सरकार को जब सेवा का मौका मिला था तब राजस्थान की आर्थिक स्थिति बेहद निराशाजनक थी। लेकिन राजस्थान की भाजपा सरकार ने प्रदेश को कई क्षेत्रों में अग्रणी बनाया है।

कार्यक्रम में प्रदेश से केन्द्रीय मंत्री एवं राज्य मंत्री परिषद के सदस्य, भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित सभी जिलों से बड़ी संख्या में आए प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

जयपुर, 21 जुलाई 2017