एसबीसी को किसी तरह का नुकसान न होने देंगे

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि राज्य सरकार गुर्जरों सहित विशेष पिछड़ा वर्ग में शामिल सभी जातियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग सरकार पर विश्वास रखें, धैर्य बनाए रखें और किसी के बहकावे में नहीं आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विशेष पिछड़ा वर्ग को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देगी। श्रीमती राजे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बून्दी, नागौर, धौलपुर, भरतपुर, अलवर आदि जिलों से आए गुर्जर समाज के प्रतिनिधि एवं पंच-पटेलों को सम्बोधित कर रही थीं।

प्रदेश के हक की प्रभावी पैरवी करेंगे रोहिताश्व

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि अन्तर्राज्यीय जल वितरण सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार ने समीक्षा सेल का गठन किया है। यह प्रकोष्ठ अन्तर्राज्यीय जल वितरण से संबंधित मामलों में प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करेगा और राजस्थान को उसका वाजिब हक दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा। श्रीमती राजे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर अन्तर्राज्यीय जल वितरण सम्बन्धी समस्याओं के समाधान के लिए गठित समीक्षा सेल के अध्यक्ष डॉ. रोहिताश्व शर्मा की नियुक्ति पर आभार व्यक्त करने के लिए बड़ी संख्या में आए लोगों को सम्बोधित कर रही थीं।

पुरूषों से कम नहीं है महिलाएं

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरूषों से कम नहीं है। उन्होंने का कि महिलाएं अपनी जिम्मेदारी को वफादारी के साथ निभाती है। इसलिए भाजपा महिलाओं को आगे लाती है। श्रीमती राजे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती अल्का सिंह गुर्जर के साथ बड़ी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थीं।

युवा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटें

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि भाजपा संगठन में युवाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है। अब इन युवा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं पर जिम्मेदारी है कि वे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी संगठन की रीति-नीति एवं कार्यक्रमों से जोड़ें, जिससे संगठन और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाएं।

श्रीमती राजे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर विधायक एवं प्रदेश महामंत्री श्री अभिषेक मटोरिया के साथ बड़ी संख्या में आए पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थीं। इस अवसर पर लोगों ने श्री मटोरिया को प्रदेश महामंत्री तथा श्री अशोक सैनी को युवा मोर्चा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर श्रीमती राजे का आभार व्यक्त किया।

जयपुर, 23 दिसम्बर 2016