मुख्यमंत्री सांस्कृतिक संध्या में शामिल हुई, अभिनेत्री हेमा मालिनी ने किया ”द्रोपदी” का मनोहारी मंचन

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2016

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की गरिमामयी उपस्थिति में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट, ”ग्राम” 2016 के दूसरे दिन गुरुवार को भव्य सांस्कृतिक संध्या में अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका ”द्रोपदी” का अद्भुत् मंचन किया।

श्रीमती राजे कार्यक्रम की शुरुआत से अन्त तक उपस्थित रहीं। उन्होंने करतल ध्वनि के साथ हेमा मालिनी एवं उनकी टीम का उत्साहवर्धन किया। श्रीमती राजे ने कार्यक्रम के अंत में मंच पर जाकर सभी कलाकारों से मुलाकात की और उनकी कला को सराहा।

नृत्य नाटिका में कलाकारों ने महाभारत के विभिन्न दृश्यों को मंच पर साकार किया। अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ”द्रोपदी” के व्यक्तित्व को रोचक ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटिका में पुरूष प्रधान दुनिया में एक महिला की स्थिति को बखूबी दिखाया गया।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्रीगण, राज्यमंत्री परिषद के सदस्य, सांसद, विधायक, विभिन्न आयोगों एवं बोर्डों के अध्यक्ष, अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण और किसान उपस्थित थे।

जयपुर, 10 नवम्बर 2016