एकजुट, एकमुख और एकरूप होकर जुट जाएं, जीत हमारी ही होगी

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि हम अलवर एवं अजमेर संसदीय क्षेत्र तथा माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के होने वाले उपचुनाव में निश्चित रूप से ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह धौलपुर विधानसभा चुनाव में हमने इतिहास रचा था उसी तरह हमें इन तीनों उपचुनावों में भी ऐतिहासिक परिणाम मिलेंगे। उसके बाद विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनाएंगे। इसके लिए हमें अभी से एकजुट, एकमुख और एकरूप होकर काम करना होगा।

श्रीमती राजे सोमवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि 13 दिसम्बर को हमारी सरकार के सफल 4 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कार्यकर्ता इस अवधि में उनके क्षेत्र, गांव एवं शहर में हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखें।

जीएसटी में राहत के लिए रंग लाए
सीएम के प्रयास

उद्योग मंत्री श्री राजपाल सिंह शेखावत ने कार्यसमिति के सदस्यों को जीएसटी में किये गये बदलावों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती राजे के लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि हमारी अधिकतम मांगों को जीएसटी परिषद ने स्वीकार किया है। इन बदलावों से प्रदेश के निर्यातकों, ट्रांसपोर्टरां और छोटी टैक्सटाइल इकाइयों, छोटे नमकीन निर्माताओं, स्टोन व्यापारियों सहित सभी प्रकार के छोटे व्यवसाइयों को बड़ी राहत मिलेगी।

हम राजनीति में सेवा करते हैं और 
वे सेवा में राजनीति

श्रीमती राजे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं जबकि दूसरे दलां के कार्यकर्ता सेवा में भी राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों और भाजपा के कार्यकर्ताओं में यही बड़ा अंतर है। इन विचारों के कारण ही हमारे कार्यकर्ताओं को भाजपाई होने पर गर्व है और हमें ऐसे कार्यकर्ताओं पर नाज है।

किसानों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। हम इसी कड़ी में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के जयपुर और कोटा में सफल आयोजन के बाद अब उदयपुर में इसका आयोजन करने जा रहे हैं। किसानों को 57 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण देकर राजस्थान अव्वल रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा 31 मार्च 2018 तक 63 हजार करोड़ और अगले वर्ष की समाप्ति तक 75 हजार करोड़ पहुंच जाएगा जो किसी भी राज्य से अधिक होगा। वहीं व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर की राशि कांग्रेस के समय से 12 गुना बढ़ाकर 6 लाख रुपये तक कर दी गई है।

जीएसटी में राहत के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार

मुख्यमंत्री ने जीएसटी में आवश्यक संशोधन कर देशवासियों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह और वित्त मंत्री श्री अरूण जेटली का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमने जीएसटी काउंसिल को राजस्थान से संबंधित माल और सेवाओं पर टैक्स कम करने का आग्रह किया था। खुशी की बात है कि जीएसटी काउंसिल ने हमारे आग्रह को ध्यान में रखकर कई वस्तुओं पर दरां को कम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर तक इस बात को पहुंचाएं कि जो राजस्थान चार साल पहले पिछड़ा प्रदेश माना जाता था, आज वह कई क्षेत्रों में देश में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि हमारे इस कार्यकाल में प्रदेश में औद्योगिक विकास, किसान विकास, कौशल विकास और तकनीकी विकास के जो काम हुए, वे पहले कभी नहीं हुए और पूरा देश इस बात को मान रहा है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में जितना विकास किया है उतना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि हमारे घोषणा पत्र सुराज संकल्प पत्र की 78 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विस्तारक योजना प्रदेश में काफी हद तक सफल रही है। प्रदेश में 50 हजार अल्पकालीन विस्तारक और 272 दीर्घकालीन विस्तारक सूचीबद्ध हुए हैं। विस्तारकों ने बूथ स्तर तक पहुंच कर जनसम्पर्क किया है और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई है। बूथ विस्तार कार्यक्रम के पहले चरण में 3,32,090 तथा दूसरे चरण में 1,55,728 नए सदस्य बनाए गए हैं।

उन्होंने बिजली, सड़क, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, न्याय आपके द्वार आदि फ्लैगशिप योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राज्य सरकार के कार्यों, उपलब्धियों एवं नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।

राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री श्री वी. सतीश तथा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चन्द्रशेखर ने बैठक में संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। प्रदेश सह प्रभारी श्री गोपाल शेट्टी ने केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। श्रीमती राजे ने कार्यसमिति की बैठक की शुरूआत कन्या पूजन कर की।

बैठक में केन्द्रीय संसदीय कार्य एवं जल संसाधन राज्यमंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश माथुर, गृहमंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया एवं राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी तथा कार्यसमिति सदस्य उपस्थित थे।

जयपुर/अलवर, 9 अक्टूबर 2017