भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में छा गई वसुन्धरा

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे छाई रही। शुक्रवार रात एक बजे बैंगलूरू पहुंचने पर उनका एचएएल एयरपोर्ट पर कर्नाटक भाजपा और प्रवासी राजस्थानियों ने ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। श्रीमती राजे को लेकर प्रवासी राजस्थानियों में इतना जबर्दस्त उत्साह था कि वे रात एक बजे तक उनका बेसब्री से इंतजार करते रहे।

शुक्रवार को सुबह श्रीमती राजे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए होटल ललित अशोका के जगन्नाथ राव जोशी सभा भवन पहुंचीं। मुख्य द्वार पर उनकी गर्मजोशी के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अगुवानी की। यहां प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी, केन्द्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री श्री अरूण जेटली, केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज, केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर पारिकर के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से उनकी मुलाकात हुई।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में श्रीमती राजे के अलावा प्रदेश के गृह मंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री ओम माथुर, श्री रामदास अग्रवाल, डाॅ. महेश शर्मा, राज्य सभा सदस्य श्री विजय गोयल, श्री भूपेन्द्र यादव, सांसद श्री अर्जुनराम मेघवाल एवं श्री दुष्यंत सिंह सहित कई नेताओं ने भाग लिया।

बैंगलूरू में लगे राजे के आकर्षक होर्डिंग्स
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी, श्री राजनाथ सिंह, श्रीमती सुषमा स्वराज, श्री अरूण जेटली के साथ श्रीमती वसुन्धरा राजे के एचएएल एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पूरे रास्ते जगह-जगह आकर्षक आदमकद होर्डिंग्स लगाये गये।

जयपुर, 3 अप्रेल 2015