राजस्थान जैसी मरूभूमि में 25 लाख पौधे लगाना बड़ी बात: प्रधानमंत्री

मन की बात में राजस्थान के वन महोत्सव की प्रशंसा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के बाद अब मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की पहल पर हरा-भरा राजस्थान बनाने के लिए प्रदेश में चलाए जा रहे वन महोत्सव कार्यक्रम की भी प्रशंसा की है। उन्होंने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में कहा कि राजस्थान जैसे मरू भूमि वाले प्रदेश में वन महोत्सव जैसा अभियान चलाना एक बड़ी बात है।

प्रधानमंत्री ने देशभर में वनों के विस्तार के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा करते हुए राजस्थान के वन महोत्सव की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान की मरूभूमि में पच्चीस लाख पौधे लगाने का जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया है, वह छोटी बात नहीं है।

श्री मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरती को जो लोग जानते हैं, वे समझ सकते हैं कि वहां इतना बड़ा वन महोत्सव आयोजित करना कितना बड़ा काम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश को हरा-भरा बनाने के लिए एक बड़ा बीड़ा उठाया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की पहल पर प्रदेश में शुरू किए गए जल स्वावलम्बन अभियान की भी प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने पिछले मन की बात कार्यक्रम में प्रशंसा की थी और कहा था कि यह अभियान पूरे देश के लिए माॅडल बनेगा। इसके लिए उन्होंने नीति आयोग को निर्देश भी दिए थे। जल स्वावलम्बन अभियान के प्रथम चरण में चयनित स्थानों पर अब गहन वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया गया है। इन स्थानों पर करीब 25 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं, इसकी शुरूआत स्वयं मुख्यमंत्री ने गत दिनों झालावाड़ के छोटे से गांव रूपपुरा बालदिया में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव से की थी।

गौरतलब है कि वन महोत्सव के तहत वन विभाग भी प्रदेश में 61 हजार हैक्टेयर भूमि पर करीब ढाई करोड़ पौधे लगाएगा। साथ ही आमजन को भी उचित दरों पर करीब 1 करोड़ 30 लाख पौधे वितरित किए जाएंगे।

जयपुर, 31 जुलाई 2016