मुल्क की तरक्की के लिए इबादत और कुर्बानी की राह पर चलें
जयपुर, 3 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने मोहर्रम के पाक मौके पर प्रदेशवासियों से हजरत इमाम हुसैन के बताए इबादत और कुर्बानी के रास्ते पर चलने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम इस्लामी वर्ष, हिजरी सन् का पहला महीना है जो चार सबसे पवित्र महीनों में शुमार किया जाता है। मोहर्रम महीने के दसवें दिन को आशुरा कहा जाता है। इस पवित्र दिन हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत हुसैन और अन्य परिवारजनों को कर्बला के मैदान में शहीद कर दिया गया था। तब से दुनियाभर में इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत के गम में मोहर्रम मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम के मौके पर निकाले जाने वाले खूबसूरत ताजिये हुनर और कला के बेहतरीन नमूने होते हैं। श्रीमती राजे ने अपने पैग़ाम में कहा कि हजरत इमाम हुसैन का अन्याय के आगे सर नहीं झुकाने का उसूल हम सब के लिए आज भी प्रेरणादायी है। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर अपने सूबे और मुल्क की तरक्की के लिए कुर्बानी देने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
