कांग्रेस ने मेरा नहीं साढे़ 7 करोड़ लोगों का अपमान किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि पीपाड़ सिटी में पथराव की घटना एक साजिश थी जिसे टीवी और वीडियो फुटेज के माध्यम से सब ने देखा है। इसके बावजूद कांग्रेस कह रही है कि यह उसने नहीं किया। मुझे प्रदेश की जनता ने साढे़ 7 करोड़ लोगों की सेवा के लिए चुना है। इसलिए कांग्रेस ने मेरा नहीं प्रदेश के साढे़ 7 करोड़ लोगों का अपमान करने का प्रयास किया। हर महिला का अपमान करने का प्रयास किया। राजस्थान में सबको प्यार करते हुए, सबको साथ लेकर चलते हुए, राम-राम सा और खम्मा घणी बोलते हुए आगे बढ़ने की परम्परा रही है, लेकिन इन्होंने इस परम्परा को तोड़ने का काम किया है। प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में इसका सबक इन्हें सिखा देगी। श्रीमती राजे पाली जिले के जैतारण कस्बे में आयोजित एक बड़ी सभा को सम्बोधित कर रही थीं।

देश को नहीं कांग्रेस के नेताओं ने खुद को सशक्त किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आजादी के बाद से लेकर अब तक गरीबी हटाने का नारा देती आई, पर कांग्रेस ने गरीबी दूर नहीं की। देश को सशक्त बनाने की बजाय इन्होंने खुद को सशक्त किया।

विपक्ष में गहलोत एक शब्द नहीं बोले

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर कहा कि ये विपक्ष में रहते हुए विधानसभा में एक शब्द नहीं बोले। एक बार भी जनता की आवाज नहीं बने और आज हमसे सवाल कर रहे हैं। जब इनकी सरकार थी तब भी इन्होंने कोई काम नहीं किया। पैसों का रोना रोते रहे। कहते रहे विकास कैसे करें, हमारे पास पैसा नहीं है। यह कहकर इन्होंने राजस्थान के गौरव का अपमान किया और आज हम से सवाल पूछते हैं।

सचिन को न यहां की संस्कृति का पता और न संस्कारों का

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे राजस्थान की बहू है। राजस्थान की संस्कृति को जानती है। लेकिन कांग्रेस के नये-नये नेता सचिन पायलट को न राजस्थान की संस्कृति का पता है, न ही यहां के संस्कारों का पता और न ही यहां की प्रथा का पता। पहले राजस्थान को समझ तो लो फिर उसके बाद हमसे सवाल करो।


राजस्थान के विकास पर गर्व इसलिए गौरव यात्रा – वसुन्धरा राजे

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी सरकार ने इन पांच वर्षों में वो कर दिखाया जो कांग्रेस 50 सालों में नहीं कर सकी। इसलिए हम गौरव यात्रा निकाल रहे हैं। वे पाली जिले के सोजत कस्बे में आयोजित एक बड़ी सभा को सम्बोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि हमने राजस्थान को बीमारू से अग्रणी प्रदेश बनाया। इसलिए गौरव यात्रा निकाल रहे हैं। राजश्री योजना के माध्यम से बच्ची के पैदा होने पर उसके परिजनों को अहसास कराया कि बच्ची साक्षात लक्ष्मी का रूप होती है। अन्नपूर्णा रसोई के माध्यम से गरीबों को सस्ता खाना दिया। पीएम आवास और उज्ज्वला योजना से लोगों का जीवन बदला। किसानों का 50 हजार तक का कर्जा माफ किया। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से 30 हजार से 3 लाख तक का मुफ्त इलाज कराया। अन्नपूर्णा दूध योजना के माध्यम से बच्चों की सेहत सुधारने का बीड़ा उठाया।

करीब 15 लाख लोगों को निजी तथा 3 लाख लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार व नौकरियां दी। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में करीब 44 लाख लोगों को रोजगार के लिए ऋण दिया। 5 हजार से ज्यादा स्कूल क्रमोन्नत किये। कांग्रेस ने 50 साल में जितने मेडिकल कॉलेज खोले उतने 7 मेडिकल कॉलेज हमने इन पांच सालों में खोले। कांग्रेस ने 50 वर्षों में 500 जीएसएस खोले, जबकि हमने इन पांच सालों में 100 से ज्यादा जीएसएस स्थापित किये। स्कूलों में 55 हजार शिक्षकों की भर्ती कर अध्यापकों के खाली पदों का प्रतिशत 50 से 20 पर लाये। अब 86 हजार शिक्षकों की भर्ती और कर रहे हैं, उसके बाद शिक्षकों के सिर्फ 2 प्रतिशत पद ही रिक्त रह जायेंगे। गौरव पथ के माध्यम से सभी पंचायतों को सड़क से जोड़ने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान ने भूजल स्तर को ऊपर उठाया, जिसका हमें गर्व है। इसलिए गर्व के साथ हम गौरव यात्रा निकाल रहे हैं।

बालिका से ज्यादती पर मनमोहन चुप रहे हमने फांसी का कानून लागू किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे, जो निर्भया के साथ दुष्कर्म हुआ तो 7 दिन तक बोले ही नहीं और एक हमारी सरकार है जिसने 12 वर्ष की बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले में फांसी की सजा का कानून बनाया। उन्होंने झालावाड़ और अवलर का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां हुए ऐसे मामलों में तत्काल कार्यवाही की गई और उन्हें फांसी की सजा सुनाई गई।

इस अवसर पर जैतारण में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदनलाल सैनी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री सुरेन्द्र गोयल, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, कोषाध्यक्ष राम कुमार भूतड़ा, सांसद रामचरण बोहरा, हरिओम सिंह राठौड़, रामनारायण डूडी, पालिकाअध्यक्ष करण सिंह नेतरा, खादी बोर्ड अध्यक्ष जसवंत विश्नोई, पूर्व विधायक देवी शंकर भूतड़ा मौजूद थे। सोजत में प्रदेशाध्यक्ष सैनी, पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, केन्द्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, सांसद रामनारायण डूडी तथा विधायक संजना आगरी मौजूद थे।

जैतारण/सोजत/जयपुर, 29 अगस्त 2018