मुख्यमंत्री ने राजस्थान के सैलानियों की पूरी मदद के दिए निर्देश दिए

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने अण्डमान निकोबार द्वीप समूहों के कुछ द्वीपों में तूफान में सैलानियों के फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान के सैलानियों के फंसे होने की सूचना मिले तो उन्हें पूरी मदद पहुंचाई जाए।

श्रीमती राजे ने राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण (एनडीएमए) एवं अण्डमान निकोबार द्वीप समूह प्रशासन से लगातार सम्पर्क में रहें।

राज्य आपदा प्रबन्धन एवं सहायता विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बुधवार अपरान्ह बाद अण्डमान निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न इलाकों में तूफान की चेतावनी जारी की गई थी। एनडीएमए के अनुसार करीब एक हजार सैलानियों के हैवलॉक तथा 450 सैलानियों के नील द्वीप पर फंसे होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद भारत सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार समुद्री जहाज बचाव कार्यों के लिए रवाना कर दिए थे। देर शाम सैलानियों को मदद पहुंचाने का काम एनडीएमए एवं अण्डमान निकोबार द्वीप समूह प्रशासन ने शुरू कर दिया था।

सैलानियों के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी के लिए राज्य आपदा प्रबन्धन विभाग के जयपुर स्थित कन्ट्रोल रूम पर सम्पर्क किया जा सकता है। इसके अलावा अण्डमान निकोबार द्वीप समूह प्रशासन एवं एनडीएमए के दिल्ली स्थित कन्ट्रोल रूम पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

निम्न दूरभाष नम्बरों पर सम्पर्क किया जा सकता है: –

1. अण्डमान निकोबार द्वीपसमूह – 03192-238880; 03192-244266

2. एनडीएमए कन्ट्रोल रूम, नई दिल्ली – 011-26701728; 011-26701729

3. आपदा प्रबन्धन एवं सहायता विभाग, जयपुर में स्थापित कन्ट्रोल रूम – 0141-2227084; 0141-2227603

जयपुर, 7 दिसम्बर 2016