मुख्यमंत्री एवं रूस के उद्योग मंत्री ने देखा रावण दहन का आतिशी नजारा

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने मंगलवार शाम को आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन का आतिशी नजारा देखा। श्रीमती राजे के साथ रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्री श्री डेनिस मन्तुरोव एवं रूसी अधिकारियों व उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमण्डल ने भी रावण दहन का नजारा देखा।

श्रीमती राजे ने जय श्री राम के नारे के साथ अपना उद्बोधन शुरू किया और उपस्थित विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सफाई को जीवन का हिस्सा बनाएं ताकि समृद्धि की प्रतीक लक्ष्मी जी आपके घर में दस्तक दे सके। इस दीवाली अपने घर के साथ शहर और प्रदेश की भी सफाई करने का संकल्प लें। उन्होंने प्रदेश एवं देश की खुशहाली की भी कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार जयपुर के रावण दहन का यह नजारा देखने रूस जैसे देश के उद्योग मंत्री एवं प्रतिनिधि मण्डल आया है। मैं राजस्थान खासकर जयपुर की जनता की ओर से हमारे अतिथियों का स्वागत करती हूं।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री कालीचरण सराफ, जयपुर सांसद श्री रामचरण बोहरा, विधायक श्री अशोक परनामी, महापौर श्री निर्मल नाहटा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों का श्रीराम मंदिर प्रन्यास एवं श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री हरचरण लेकर एवं अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने आदर्श नगर स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन किए। पुजारी श्री सतीश चन्द्र गोस्वामी ने उन्हें तिलक लगाया और चुनरी औढ़ाई। रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्री श्री डेनिस मन्तुरोव को भी पुजारी ने सरोपा और प्रसाद भेंट किया।

जयपुर, 11 अक्टूबर 2016