जनप्रतिनिधि और कर्मचारी दोनों पर सेवा की बड़ी जिम्मेदारी

प्रबोधकों ने व्यक्त किया मुख्यमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि जनप्रतिनिधि और राज्य कर्मचारी दो ऐसे वर्ग हैं जिन पर जनता की सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इन दोनों वर्गों ने साढ़े चार साल में सरकार में रहते हुए जनता का विश्वास जीता है। यह क्रम इसी तरह आगे भी जारी रहा तो राजस्थान को देश का अव्वल राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता।

श्रीमती राजे सोमवार को 8 सिविल लाइन्स पर आभार व्यक्त करने बड़ी संख्या में आए प्रबोधकों को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारियों से जनता को बड़ी उम्मीदें होती हैं। आप उन पर खरा उतरें और उनका विश्वास जीतें। जनता को अहसास हो कि आप और हम उनकी सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में हुए काम को पूरा देश सराह रहा है। यह सब आप जैसे शिक्षकों के सहयोग से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि आगे भी हमें राजस्थान को इसी तरह आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रबोधकों का आह्वान किया कि आप प्रदेश के बच्चों को इतना होनहार बनाओ कि वे इस प्रदेश को तरक्की की राह पर बढ़ाते रहें।

शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पिछले कार्यकाल में अल्प मानदेय पा रहे पैराटीचर्स की पीड़ा को समझा था और उन्हें अलग से कैडर बनाकर प्रबोधक के पद पर नियुक्ति दी। आज उन्हें तृतीय श्रेणी शिक्षक के समान वेतन प्राप्त हो रहा है। इतना ही नहीं प्रबोधकों को लेवल -1 व लेवल – 2 का दर्जा दिया। प्रबोधकों की पदोन्नति पर विचार के लिए भी कमेटी बना दी गई है।

इससे पहले अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं। समस्त कर्मचारी इसके लिए राज्य सरकार के आभारी हैं। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि आप सब राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में पूर्ण सहयोग करें।

इस अवसर पर अखिल राजस्थान प्रबोधक संघ के अध्यक्ष श्री केसर सिंह चम्पावत के नेतृत्व में प्रदेशभर से आए प्रबोधकों ने मुख्यमंत्री का अभिनन्दन किया।

गाड़िया लुहार समाज ने व्यक्त किया मुख्यमंत्री का आभार

इस अवसर पर शंखनाद फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री वेदप्रकाश पटेल के नेतृत्व में आए गाड़िया लुहार समाज के लोगों ने उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने कहा कि आप सब राज्य सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं।

वंचित नर्सेज एसोसिएशन ने भी नर्सिंग भर्ती 2013 के तहत नियुक्ति दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। महाराजा सूरजमल फाउण्डेशन के प्रतिनिधियों ने गंगापुर सिटी एवं हिण्डौन क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से कराए गए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। टोंक से आए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने अरबी-फारसी शोध संस्थान के विकास के लिए बजट आवंटित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

जयपुर, 21 मई 2018