कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी, उनके भरोसे फिर हासिल करेंगे शानदार जीत

डूंगरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि भाजपा जनता के विश्वास और अपने कार्यकर्ताओं की अथाह मेहनत, लगन व निष्ठा के बूते वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में फिर से शानदार परिणाम देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ता ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है और इसीलिए वे ’आपका जिला-आपकी सरकार कार्यक्रम’ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ले रही हैं।

मुख्यमंत्री रविवार शाम डूंगरपुर के जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को राज्य सरकार की विकास योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य पूरे उत्साह के साथ करना चाहिए, ताकि जनता हमें फिर से अवसर दे।

इस बैठक में भाजपा के सांसद, विधायक, प्रधान, नगर निकायों के अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व मंत्री,, सभी मोर्चाें के जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी सहित प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यकर्ताओं को नाम लेकर पुकारा

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को बारी-बारी से नाम लेकर पुकारा और उनसे ध्यानपूर्वक चर्चा की, जिससे कार्यकर्ता न केवल अचम्भित हुए, बल्कि उन्होंने खुश होकर मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया।

मंडलवार लिया फीडबैक

मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर जिले के मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से संबंधित फीडबैक लिया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से पूछा कि उनके मंडलों में प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का आयोजन हुआ या नहीं? नियमित बैठकें हुई या नहीं? इसके अलावा मुख्यमंत्री ने संबंधित मंडल क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्षों से भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा सांसद, विधायकों और प्रधानों से भी फीडबैक लिया।

कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रखें

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ही संगठन है। इसलिए आप कार्यकर्ताओं को महत्व दें। उनकी राय, उनके सुझाव और उनकी सलाह से काम करें। क्योंकि वही कार्यकर्ता आपको यहां तक पहुंचाता है। कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा बनाए रखें, क्योंकि वहीं पार्टी की असली ताकत है।

उपलब्धियां टिप्स पर याद रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को विरासत में जिस तरह का राजस्थान मिला है, वह किसी से छिपा नहीं है। आर्थिक संकट से जूझ रहे राजस्थान को आगे बढ़ाना कम चुनौतीपूर्ण नहीं था। इसके बावजूद हमारी सरकार ने जो काम किए हैं वह राजस्थान को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सभी कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य अपने टिप्स पर याद होना चाहिए।

मुख्यमंत्री का जताया सबने आभार

बैठक में डूंगरपुर जिले के सब कार्यकर्ताओं ने मुक्तकंठ से मुख्यमंत्री द्वारा करवाये गये कार्याें की प्रशंसा की। जिला अध्यक्ष श्री गुरूप्रसाद पटेल ने मुख्यमंत्री श्रीमती राजे तथा प्रभारी मंत्री श्री ओटाराम देवासी का स्वागत किया।

बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री एवं देवस्थान तथा गौ-पालन राज्य मंत्री श्री ओटाराम देवासी, राज्यसभा सांसद हर्षवर्धनसिंह, सांसद मानशंकर निनामा, अर्जुनलाल मीणा, विधायक श्री देवेन्द्र कटारा, श्री सुशील कटारा, श्रीमती अनिता कटारा, श्री गोपीचंद मीणा, पूर्व मंत्री कनकमल कटारा, जिला प्रमुख श्री माधवलाल वरहात, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.के.गुप्ता सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

जयपुर/डूंगरपुर, 7 अगस्त 2016