पीएम और शाह ने राजस्थान की योजनाओं को सराहा

भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने राजस्थान में संचालित विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को सराहा है और अन्य राज्यों को भी ऐसे कार्यक्रम संचालित करने को कहा है। उन्होंने प्रदेश में चल रही भामाशाह योजना, पं. दीनदयाल उपाध्याय जनकल्याण पंचायत शिविर, न्याय आपके द्वार सहित राज्य के व्यापक जनसुनवाई कार्यक्रम की प्रशंसा की है।

प्रधानमंत्री एवं श्री शाह ने रविवार को नई दिल्ली में आयोजित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की ओर से दिये गये प्रस्तुतीकरण को सराहा और राजस्थान में विगत तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रदेश से संबंधित विभिन्न मुद्दों को भी पुरजोर तरीके से उठाया।

श्रीमती राजे ने भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड में संबंधित राज्यों के अलावा केन्द्र से एक पूर्णकालिक चैयरमेन नियुक्त करने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने बोर्ड में राजस्थान कैडर से एक सदस्य (सिंचाई) नियुक्त किये जाने का भी आग्रह किया। श्रीमती राजे ने कहा कि राजस्थान को परियोजना से उसके हिस्से का पूरा पानी मिलना सुनिश्चित हो।

श्रीमती राजे ने बैठक में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में किये गये सुधारों पर प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने के लिये स्कूलों का एकीकरण किया गया है। साथ ही पांच हजार माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है। शिक्षा की दृष्टि से पिछड़े हुए 134 ब्लॉकों में अंग्रेजी माध्यम के स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल खोले गये हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में आदर्श स्कूल की स्थापना की जा रही है। इसके प्रतिभावान छात्राओं को स्कूटी वितरण के साथ ही सैटेलाइट क्लासेज, वर्चुअल क्लासेज, डिजिटल लर्निंग सोल्यूशन रूम, शाला दर्पण और राज ई-ज्ञान पोर्टल जैसे नवाचार किये गये हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी स्कूलों में करीब 10 लाख नामांकन बढ़े हैं।

श्रीमती राजे ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कई योजनाएं प्रारम्भ की गई हैं। राज्य की सभी 295 पंचायत समितियों में ग्राम पंचायत स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित कर लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। अब तक करीब 41 लाख लोग इससे लाभान्वित हुए हैं। आगामी माह से विशेष योग्यजन को लाभ पहुंचाने के लिए पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाया जायेगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ योजना के तहत 15000 वरिष्ठ नागरिकों को रेल एवं 5000 वरिष्ठ नागरिकों को हवाई जहाज से प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जनसुनवाई का कार्यक्रम व्यापक रूप से चल रहा है। मंत्रिगण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित जनसुनवाई करते हैं। मुख्यमंत्री निवास पर पर अधिकारी नियमित जनसुनवाई करते हैं। वहीं राज्य सरकार ने अनूठी पहल करते हुए सरकार आपके द्वार और आपका जिला आपकी सरकार के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को जाना है। इसके अलावा भाजपा कार्यालय में, जिला उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तर पर जनसुनवाई कर और राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। राजस्थान संपर्क पोर्टल के माध्यम से प्रतिमाह करीब 30 हजार परिवाद निस्तारित किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश में डिजिटल कार्यक्रम तेजी से चलाया जा रहा है। इसमें ‘भामाशाह योजना’ के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अभी तक 139 लाख परिवारों को इस योजना में पंजीकृत किया जा चुका है। भामाशाह प्लेटफॉर्म से राज्य में करीब 40 हजार ई-मित्र सेवा केन्द्रों द्वारा आम जन को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश में 7 डिजि-धन मेलों का आयोजन किया गया है। डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए ’भीम’ इंटीग्रेशन का कार्य किया जा रहा है। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए डिजिटल माध्यमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

श्रीमती राजे ने बताया कि केन्द्र एवं प्रदेश की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं अन्य निर्णयों की जानकारी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। फेसबुक, ट्वीटर सहित अन्य प्लेटफार्म्स पर जरूरी जानकारियां तुरंत अपडेट की जाती हैं। इसी का परिणाम है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म्स पर फॉलोअर के मामले में राजस्थान दूसरे राज्यों से काफी आगे है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय सहित प्रदेश की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं और विभिन्न मुद्दों पर प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में हो रहे विकास कार्यों और सकारात्मक नीतियों से प्रदेश के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है और पार्टी के जनाधार में भी बढ़ोतरी हुई है।

जयपुर, 23 अप्रैल 2017