आज के दौर में महिलाएं कमजोर नहीं

आपका जिला, आपकी सरकार

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं किसी से कमजोर नहीं हैं, उन्हें हिम्मत रखने की जरूरत है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कार्य करने वाली महिलाओं की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है, जिसे महिलाएं नहीं कर सकें।

श्रीमती राजे मंगलवार को डूंगरपुर जिले के झोंथरी के बालिका माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राजीविका के स्वयं सहायता समूह ऋण वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे सोलर लैम्प की तारीफ करते हुए कहा कि यह अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलर लैम्प घरों में पहुंचेगा तो केरोसिन की जरूरत कम हो जायेगी और बिजली चली जाने पर भी पढ़ने वाले बच्चों को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने इसके लिए राजीविका, आईआईटी मुम्बई एवं स्वयं सहायता समूह फैडरेशन को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर 446 स्वयं सहायता समूह को राजीविका की ओर से 2 करोड़ 28 लाख रूपये के चैक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने झोंथरी में मीलियन सोलर लैम्प ऊर्जा परियोजना में महिलाओं द्वारा सोलर लैम्प बनाने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। श्रीमती राजे ने स्वयं सहायता सेवा समूह से जुड़ी महिला बबली द्वारा सोलर लैम्प मार्केटिंग प्रोजेक्ट का फीता काटा। बबली ने बताया कि वह महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे सोलर लैम्प को घर-घर तक पहुंचायेगी।

मुख्यमंत्री ने बबली एवं सोलर लैम्प तैयार करने में जुड़ी गीता, नीरू एवं अन्य महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप लोग इस साहसिक कार्य में जरूर सफलता प्राप्त करेंगी।

जयुपर/डूंगरपुर, 9 अगस्त 2016