मुख्यमंत्री ने पूर्व राज्यपाल श्री खुराना के निधन पर शोक जताया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मदन लाल खुराना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

श्रीमती राजे ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि स्व. खुराना एक लोकप्रिय जनप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल के रूप में अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए संसदीय लोकतंत्र को मजबूत किया तथा लोगों से सीधा जुड़ाव रखकर उनके दिल में जगह बनाई। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री के पद पर रहते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. खुराना भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ, संघर्षशील, ईमानदार और समर्पित नेता थे। मैंने राजनीति और जन सेवा के क्षेत्र में उनसे सीख ली और उन्होंने एक वरिष्ठ नेता के नाते हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया। उनके समर्पण, सेवाभाव, निष्ठा, मिलनसारिता और दुख-सुख में काम आने की प्रवृत्ति को सदैव याद किया जाएगा।

श्रीमती राजे ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त प्रियजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है।

जयपुर, 28 अक्टूबर 2018