मिशन 180 प्लस एवं मिशन 25 के लिए कमर कसें पार्टी कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आह््वान किया कि वे 2018 के विधानसभा चुनावों में 180 से अधिक सीटें तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में 25 की 25 सीटें जीतने के लिए पूरे उत्साह से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है। पार्टी की लगातार जीत के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत के साथ केन्द्र व राज्यों में भाजपा सरकारों का विकास का विजन है।

श्रीमती राजे गुरुवार को करौली में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में भाजपा सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रधान, नगर निकायों के अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मोर्चां के जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी सहित प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ’आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम’ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ले रही हैं और उनके हालचाल भी पूछ रही हैं क्योंकि कार्यकर्ता ही हमारी आंख, नाक और कान हैं।

मंडलवार लिया फीडबैक

मुख्यमंत्री ने करौली जिले के मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से संबंधित फीडबैक लिया। इसके अलावा उन्होंने संबंधित मंडल क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्षों से भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा सांसद, विधायकों और प्रधानों से भी फीडबैक लिया।

ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ें

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्रयास कर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि पार्टी के सांसद, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा जनता तक पहुंचाएं ताकि लोग इनका लाभ उठा सकें।

कार्यकर्ताओं को महत्व दें

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ही संगठन है। इसलिए कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाए। उनके सुझावों और सलाह को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखें।

बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री एवं श्रम मंत्री डॉ. जसवंत यादव, पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य एवं राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष श्री जनार्दन सिंह गहलोत, सांसद डॉ. मनोज राजौरिया, विधायक श्रीमती राजकुमारी जाटव, पूर्व विधायक श्रीमती रोहिणी कुमारी, श्री रमेश मीणा, श्री सुखलाल मीणा, श्री बत्तीलाल मीणा, भाजपा करौली जिलाध्यक्ष श्री रमेश राजौरिया, संगठन प्रभारी एवं राजस्थान युवा बोर्ड के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सैनी, करौली प्रधान श्रीमती इंदू देवी जाटव, नादौती प्रधान श्री धनुचंद सांवरिया, नगर परिषद करौली के सभापति श्री राजाराम गुर्जर सहित पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

जयपुर/करौली, 11 मई 2017