- वसुन्धरा राजे - https://vasundhararaje.in/hi -

मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान को बांसवाड़ा जिले ने दिया नवाचार

Vasundhara raje-Mukhyamantri Jal swavlamban Abhiyan

दो पारियों में हो रहे काम दर्शा रहे उपलब्धियों का मंजर गांवों में दिन रात चल रहे जल संरक्षण कार्य

मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान की तमाम गतिविधियों की बदौलत राजस्थान प्रदेश भर में अग्रणी पहचान बनाने वाला जनजाति बहुल बांसवाड़ा जिला अब खास नवाचार को अपना कर इस अभियान में राजस्थान भर में सर्वश्रेष्ठ पहचान बनाने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के कामों को बरसात आने से पहले ही जल्दी से जल्दी पूर्ण करने के उद्देश्य से सभी तरफ युद्धस्तर पर काम चलाया जा रहा है। बरसात के आगमन में अब कुछ ही दिनों का समय शेष बचा है और इसे देखते हुए इन कामों को जल्द से जल्द पूरा कर लिए जाने के लक्ष्य को सामने रखकर बांसवाड़ा जिले में ग्राम पंचायतों द्वारा दो पारियों में कार्य चलाए जा रहे हैं।

देश भर में संभवतः सर्वप्रथम पहल देश भर में सरकारी क्षेत्र में अपनी तरह का संभवतः यह पहला नवाचारी प्रयोग है जिसमें दो शिफ्टों में कार्य हो रहा है। इससे कामों को गति मिली है तथा यह विश्वास पक्का हो गया है कि इस बार की बरसात के आने से पहले ही इन जल भण्डारों का सभी प्रकार का काम पूर्ण हो जाएगा। इससे बारिश में इनकी उपयोगिता सिद्ध होकर ये जल संरचनाएं हमेशा के लिए ग्रामीणों और आने वाली पीढ़ियों तक को सुकून देकर लाभकारी सिद्ध होती रहेंगी। बांसवाड़ा की इस पहल को प्रदेश तथा देश में सराहा गया है और इसे मॉडल के रूप में अपनाकर जल संरचनाओं के निर्माण की समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने की दिशा में कारगर होना स्वीकारा जाने लगा है।

धड़ाधड़ पूरे हो रहे हैं काम जिले में यह कार्य दो पारियों में कराया जा रहा है। इसमें प्रथम पारी का समय प्रातः 7 बजे से सायंकाल 5 बजे तक तथा दूसरी पारी का समय सायंकाल 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक का है। इन दो पारियों में काम कराए जाने से कामों की रफ्तार बढ़ी है और बड़ी संख्या में जल संरक्षण के कार्य पूर्णता की ओर हैं।

सबका एक ही लक्ष्य . बरसात से पहले पूरे हों सारे काम इसके पीछे मंशा यही है कि इन कामों को बरसात से पहले हर हालत में पूर्ण कर लेना है और इसके लिए समय काफी कम बचा है। इस स्थिति में अधिक से अधिक समय देकर ही इन कामों को पूरा कराया जा सकता है। और इसी वजह से दो पारी में काम कराकर समय का पूरा.पूरा उपयोग करते हुए जल्द से जल्द बचे हुए कामों को पूरा करने की मानसिकता से अभियान की समस्त गतिविधियां परवान पर हैं।

कामों ने पायी तेज रफ्तार जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित के अनुसार मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान की तमाम गतिविधियां बांसवाड़ा जिले भर में व्यापक पैमाने पर संचालित हैं और इनमें से काफी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। शेष बचे कामों को जितना जल्दी हो सकेए पूर्ण किए जाने के लक्ष्य को लेकर ही दो पारियों में कार्य कराने का नवाचार अपनाया गया है और इससे कामों की रफ्तार कई गुना बढ़ गई है। बांसवाड़ा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन के तहत चल रहे कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न स्तरों पर बड़ी संख्या में जेसीबी मशीन के माध्यम से दो शिफ्टों में कई घण्टे कार्य चलाया जा रहा है।

ठान ली है अव्वल रहने की हर तरफ यही एक लक्ष्य सामने है कि बरसात से पूर्व जैसे भी होंए सारे के सारे कामों को पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं तो कई ग्राम पंचायतों में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बांसवाड़ा की 11 पंचायत समितियों में चल रहे मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के कार्य अपनी पूरी रफ्तार पर हैं। इसे देखते हुए इस उम्मीद को पंख लग रहे हैं कि बांसवाड़ा जिला इस अभियान में पूरे प्रदेश में अव्वल रहने का गौरव प्राप्त करेगा।

जयपुर 2 जून 2016

Back to main page [5]