- वसुन्धरा राजे - http://vasundhararaje.in/hi -

हम शरीफ जरूर हैं, मगर कमजोर नहीं

पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ पर बारां में युवा शक्ति सम्मेलन

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में भारत की साख और धाक पूरी दुनिया में कायम होती जा रही है, क्योंकि हम सभी देशों के साथ भाईचारे में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि हम शरीफ जरूर हैं, मगर कमजोर बिल्कुल नहीं हैं। अगर कोई आंख उठाकर देखेगा तो हम उसे अपनी ताकत भी बता सकते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक इसका प्रमाण है।

श्रीमती राजे शुक्रवार को पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बारां में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य रहा कि पोकरण में परमाणु परीक्षण के समय मैं तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में विदेश राज्यमंत्री थी। उस समय अमेरिका सहित कई देशों ने हम पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगाए, लेकिन उस वक्त हमारी अटल सरकार अपने इरादों पर अटल रही। श्रीमती राजे ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को आंख दिखाना नहीं, हमारी शक्ति का आकलन कराना था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश के लिए मानवता ही सर्वोपरि है, इसी कारण पूरी दुनिया में हमारी प्रतिष्ठा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी की अगुवाई में आज हिंदुस्तान पहली बार शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन गौरव का दिन है। आज से देश-प्रदेश का युवा मोर्चा हर विधानसभा में जाकर युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संकल्प दिलाएगा, क्योंकि युवा ही हमारी ताकत है, देश का भविष्य है। श्रीमती राजे ने कहा कि विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव अब नजदीक ही हैं, इसलिए युवा मोर्चा चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, जो अभी तक नहीं हो सके थे।

बारां जिले के विकास पर 4700 करोड़

श्रीमती राजे ने कहा कि बारां के विकास में सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है और आगे भी नहीं छोड़ेंगे। हमारी सरकार ने बारां जिले के विकास पर साढे़ चार साल में ही 4 हजार 700 करोड़ रुपए स्वीकृत किए, जबकि गत सरकार ने पूरे पांच साल में मात्र 1300 करोड़ रुपए बारां के विकास पर खर्च किए थे। उन्होंने कहा कि करीब 7 हजार करोड़ रुपए की परवन सिंचाई परियोजना से 312 गांवों की 93 हजार हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई होगी तथा 936 गांवों को पीने का पानी मिलेगा। इसी तरह 233 करोड़ रुपए की हथियादेह सिंचाई परियोजना, करीब 204 करोड़ रुपए की ल्हासी सिंचाई परियोजना, 79 करोड़ रुपए की नागदा-अंता-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना, 90 करोड़ रुपए से अटरू-शेरगढ़ पेयजल परियोजना के बड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारां में ऐतिहासिक कार्य हुआ है।

किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में पहली बार करीब 30 लाख किसानों के 50 हजार रुपए तक के ऋण माफ किए गए हैं। किसानों के लिए सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि को 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया गया है। साथ ही सहकारी भूमि विकास बैंकों द्वारा किसानों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज की दर 12.10 से घटाकर 5.5 प्रतिशत की गई है। उन्होंने कहा कि हम इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 80 हजार करोड़ रुपए फसली ऋण वितरण का लक्ष्य छू लेंगे।

कृषि मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि विगत साढे़ चार वर्ष में राजस्थान में विकास के जितने काम हुए, उतने काम आज तक नहीं हुए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। प्रदेश में 62 सालों में किसी ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने 30 लाख किसानों का कर्ज माफ कर बड़ी राहत पहुंचाई है।

सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने कहा कि हमारी धरती शौर्य और बलिदान की धरती है। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पोकरण में हुए परमाणु परीक्षण की यादें आज यह कार्यक्रम कर फिर ताजा कर दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने परवन परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना से बारां जिले के लोगों का जीवन बदल जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने पोकरण से लाई गई मिट्टी का पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर पाण्डाल में मौजूद लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बाबू लाल वर्मा, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्री श्रीकृष्ण पाटीदार, वरिष्ठ नागरिक बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रेमनारायण गालव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा, संसदीय सचिव श्री नरेन्द्र नागर, विधायक श्री रामचंद्र सुनारीवाल, श्री ललित मीणा, श्री रामपाल मेघवाल, श्री कंवरलाल मीणा, जिला प्रमुख श्री नन्दलाल सुमन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेन्द्र नागर, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे।

बारां/जयपुर, 11 मई 2018