- Vasundhara Raje - http://vasundhararaje.in -

आने वाली पीढि़यों के लिए जल स्वावलम्बन अभियान महत्वपूर्ण

Vasundhara Raje - Jal Swavalamban Yojana important for our coming generation

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को जिले की विराटनगर पंचायत समिति के दूधी आमलोदा गांव में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत जोहड़ खुदाई के जल संरक्षण कार्य का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढि़यों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके इसके लिए यह अभियान बहुत महत्वपूर्ण है।

श्रीमती राजे ने जोहड़ खुदाई कार्य में श्रमदान कर रहे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे जोहड़ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 4 – 5 वर्ष पूर्व तक जोहड़ में वर्षा का पानी भरा रहता था। अब फिर से यहां पानी भरने पर इसकी पाल के आसपास पौधारोपण भी किया जाए।

क्षेत्रीय विधायक श्री फूलचंद भिण्डा व श्रमदान कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री का इस अभियान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जोहड़ की खुदाई होने से अब इसमें वर्षा का पानी भरा रहेगा। जिससे भू-जल स्तर बढ़ने के साथ लोगों एवं पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। जोहड़ खुदाई के जल संरक्षण कार्य पर 4.18 लाख रुपये की राशि व्यय होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत संचालित कार्यों पर 100 दिन का कार्य पूर्ण करने वाली 40 महिलाओं को चुनड़ी ओढ़ाकर एवं माल्यापर्ण कर स्वागत किया।

अभियान से प्रदेश के भू-जल स्तर में होगी वृद्धि

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने दूधी आमलोदा गांव में आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत राजस्थान में जल संरक्षण की संरचनाओं के निर्माण सहित अन्य कार्यों से आगामी तीन वर्षों में भू-जल स्तर में अभिवृद्धि होगी जिससे गांवों में लोगों को पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना, पुलिस, अधिकारी व कर्मचारी, स्वयं सेवी संस्थाएं तथा जनप्रतिनिधि आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने जिला कलक्टर को निर्देश दिये कि वे इस अभियान के लिए दिये जाने वाले श्रम, सामग्री मशीन एवं आर्थिक सहयोग का विवरण जिला कलेक्टेªट परिसर में बोर्ड पर प्रदर्शित करें तथा यह भी प्रदर्शित किया जाये कि इसके लिए आर्थिक सहयोग किस जल संरक्षण के कार्य पर उपयोग किया गया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि अभियान में दिये जाने वाले सहयोग की माॅनिटरिंग करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाए।

मुख्यमंत्री को सभा में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री हरिसिंह सिन्धू ने विराटनगर पंचायत समिति के 29 सरपंचों का एक माह के मानदेय राशि का एक लाख एक हजार 501 रुपये का चैक जल स्वावलम्बन अभियान के लिए भेंट किया। मुख्यमंत्री ने विराटनगर पंचायत समिति की आंतेला ग्राम पंचायत को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) कराये जाने पर सरपंच श्रीमती सुनिता गुप्ता की सराहना की।

इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री कृष्ण कुणाल, जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्री रामेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

जयपुर/आमलोदा, 12 फरवरी 2016