- Vasundhara Raje - http://vasundhararaje.in -

मुख्यमंत्री ने महिला थाने पहुंचकर मनाया जन्मदिन, महिला दिवस पर गांधी नगर थाने में किया ऑल वुमन पुलिस स्टेशन का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपना जन्मदिन गांधीनगर स्थित महिला थाना पहुंचकर मनाया। इससे पहले श्रीमती राजे विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों की ओर से अभिनन्दन, महायज्ञ एवं अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुईं। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री को बधाई देने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने मालाएं पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर, चुनरी ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर श्रीमती राजे का अभिनन्दन किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

श्रीमती राजे ने महिला दिवस के अवसर पर बुधवार शाम गांधीनगर महिला थाना परिसर में ऑल वुमन पुलिस स्टेशन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं ताकतवर हैं और आने वाले समय में और अधिक ताकतवर बनेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर परिस्थिति में धैर्यवान रहना होगा। ऑल वुमन पुलिस स्टेशन महिलाओं को राहत प्रदान करने का काम करेगा। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को तेजी से दूर करने में इस तरह के प्रयास रंग लायेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा तैयार महिला अत्याचार के विरोध पर आधारित नाटक ‘आवाज’ देखा और इसकी सराहना की। महिला पुलिसकर्मियों ने गर्मजोशी के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्रीमती राजे ने इस अवसर पर केक काटा और महिला पुलिसकर्मियों को केक खिलाकर खुशियां साझा कीं। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान गृह मंत्री श्री गुलाब चंद कटारिया, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री कालीचरण सराफ, पुलिस महानिदेशक श्री मनोज भट्ट और जयपुर पुलिस आयुक्त श्री संजय अग्रवाल सहित विभिन्न पुलिस अधिकारीगण मौजूद थे।

कन्या पूजन किया, बच्चों को उपहार बांटे

मुख्यमंत्री का यूथ हॉस्टल में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रीमती राजे ने छोटी-छोटी कन्याओं को माला पहनाकर पूजन किया और उपहार भेंट किए। श्रीमती राजे ने कार्यक्रम में मौजूद स्कूली बच्चों को भी बैग एवं उपहार भेंट किए। श्रीमती राजे ने केक काटा और इस सुंदर कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री को नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा कार्यालय में जोर-शोर से स्वागत

श्रीमती राजे भाजपा कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर तथा हवन कार्यक्रम में शामिल हुईं। भाजपा कार्यालय में उपस्थित मंत्रीगण, विभिन्न आयोगों एवं बोर्डों के सदस्य, पार्टी एवं विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का जोर-शोर से स्वागत किया। भाजपा युवा मोर्चा की ओर इस मौके पर मुख्यमंत्री को विशेष रूप से तैयार करवाई गई उनकी मोम की प्रतिमा भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने इस प्रतिकृति की प्रशंसा की। कार्यालय परिसर में आयोजित हवन में आहुतियां देकर मुख्यमंत्री के सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

महायज्ञ से की दीर्घायु की कामना

मुख्यमंत्री सिविल लाइन्स स्थित ईसरदा पैलेस में राजस्थान जन कल्याण परिषद की ओर से आयोजित नवम् विशाल रक्तदान शिविर एवं दीर्घायु महायज्ञ में शामिल हुइंर्। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री का भावभीना स्वागत किया गया। उन्होंने 108 कुण्डीय महायज्ञ में पूर्णाहुति देकर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की। दादूपीठाचार्य श्री गोपालदास महाराज ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी, केन्द्रीय खाद्य राज्यमंत्री श्री सी.आर. चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष एवं सांसद श्री सांवरलाल जाट, सांसद श्री रामचरण बोहरा, जयपुर महापौर श्री अशोक लाहोटी, विभिन्न आयोगों एवं बोर्ड़ां के अध्यक्ष तथा सदस्य, विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

निवास पर भी लगा बधाई देने वालों का तांता

श्रीमती राजे को मुख्यमंत्री निवास पर बधाई देने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रीमती राजे को हज कमेटी के चैयरमेन श्री अमीन पठान, सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री शिवजीराम जाट, आईएचएचए के श्री गजसिंह अलसीसर, झालावाड़ से आये सरपंच एवं पूर्व सरपंचों के प्रतिनिधिमण्डल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन ने मुख्यमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

जयपुर, 8 मार्च 2017