- Vasundhara Raje - http://vasundhararaje.in -

आज मेरा सक्षम भाई और मजबूत कार्यकर्ता फिर घर आया

डॉ. किरोड़ीलाल, गोलमा देवी और गीता वर्मा भाजपा में शामिल

राजपा का भाजपा में विलय

वसुन्धरा जी ने कभी बुरा नहीं किया, गहलोत ने करवाया जिला बदर : डॉ. किरोड़ी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की मौजूदगी में रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (राजपा) का भारतीय जनता पार्टी में विलय हुआ। प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने राजपा के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, विधायक श्रीमती गोलमा देवी एवं विधायक श्रीमती गीता वर्मा को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवायी। उनके साथ राजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मेरा एक सक्षम भाई (डॉ. किरोड़ीलाल) वापस पार्टी में आया है। उन्होंने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल एक सक्षम नेता और एक मजबूत कार्यकर्ता हैं, जिनके आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल के भाजपा में शामिल होने से पार्टी के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी में खुशी का भाव है। सबमें एक नया उत्साह है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में हम सब एकजुट होकर काम करेंगे और प्रदेश तथा देश में फिर भाजपा की सरकार बनाएंगे।

डॉ. किरोड़ी भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता

श्रीमती राजे ने कहा कि डॉ. किरोड़ीलाल भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता रहे हैं। वे हमारे ही परिवार का हिस्सा हैं, किन्हीं गलतफहमियों से कुछ समय के लिए वे हमसे दूर हो गए थे, लेकिन समान विचारधारा के चलते हम ज्यादा दिन दूर नहीं रह सकते थे। आज मुझे खुशी है कि वे फिर अपने पुराने घर में लौट आए हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल हुए राजपा के कार्यकर्ताओं को भी विश्वास दिलाया कि आज से वे सब हमारे परिवार का अभिन्न अंग हैं।

मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं

प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी के विचारों को आत्मसात करके चलता है, इसलिए वह कभी भी विचाराधारा से अलग नहीं हो पाता है। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं होते। इसी का परिणाम है कि आज हमारे परिवार में डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की वापसी हुई है। यह उनका अपना परिवार है। हम सब मिलकर इस परिवार को और मजबूती देंगे।

कभी नहीं भटका भाजपा की विचारधारा से : डॉ. किरोड़ीलाल

डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि मैं दस साल भाजपा से दूर रहा, लेकिन कभी भी भाजपा की विचारधारा से नहीं भटका। आज घर वापसी से मेरा सपना पूरा हुआ है। मैं समर्पित होकर एक आम कार्यकर्ता की तरह पार्टी की मजबूती के लिए काम करूंगा। दस साल पार्टी से बाहर रहकर मुझसे जो गलती हुई है, उसकी भरपाई करने की हरसम्भव कोशिश करूंगा।

मुख्यमंत्री का जताया आभार, कहा – छोटे बच्चे की गलती की तरह कर दें माफ

डॉ. मीणा ने घर वापसी पर मुख्यमंत्री श्रीमती राजे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा से दूर रहने के दौरान मैंने सड़क पर कितनी ही लड़ाई लड़ी हो, लेकिन मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने कभी भी बुरा नहीं माना और कभी बुरा नहीं किया, क्योंकि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है, जबकि कांग्रेस की सरकार में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुझे सांसद होते हुए भी जिला बदर करवा दिया था। उन्होंने कहा कि पार्टी से दस साल दूर रहने के दौरान मेरे आचरण और व्यवहार से श्रीमती राजे को किसी भी तरह की ठेस पहुंची हो तो मैं इसके लिए दिल से क्षमा मांगता हूं। आशा करता हूं कि मुख्यमंत्री एक छोटे बच्चे की गलती की तरह मेरी गलती को माफ कर देंगी।

कोई शर्त नहीं, अंतिम सांस तक भाजपा के लिए काम करूंगा

डॉ. किरोडीलाल ने कहा कि मैं बिना किसी लोभ और लालसा के समर्पण भाव रखते हुए साफ मन से भाजपा की सेवा करने आया हूं और अंतिम सांस तक मैं बीजेपी में रहकर ही पार्टी की मजबूती के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी पहले भी कोई शर्त नहीं थी और न ही आज कोई शर्त है। मुझे पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे मैं समर्पित कार्यकर्ता की तरह निभाउंगा। मुझे प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व का हर फैसला मंजूर है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुझे मेरी उम्मीद से ज्यादा दिया है। यही वो पार्टी है, जिसने गांव के एक गरीब किसान को संसद तक पहुंचाया।

भाजपा ने दिया खूब सम्मान : गोलमा देवी

विधायक गोलमा देवी ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि हम फिर अपने पुराने घर में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो सम्मान दिया है, उसके लिए वे तहेदिल से आभारी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सब भाजपा की मजबूती के लिए जी-जान से जुट जाएं। विधायक गीता वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि घर वापसी पर जो खुशी होती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के सदस्य, पार्टी पदाधिकारी तथा हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जयपुर, 11 मार्च 2018