- Vasundhara Raje - http://vasundhararaje.in -

पिछले एमओयू के घाटे पर ब्याज जोडें तो रिफायनरी के नये एमओयू से प्रदेश को 1.53 लाख करोड का फायदा-परनामी

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने रविवार को जोधपुर में दो दिवसीय भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया। प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने रिफायनरी के लिये नये सिरे से नेगोसियेशन कर प्रदेश के हित में 40 हजार करोड़ रूपये का फायदा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जो घाटे का एमओयू किया था, उस पर यदि ब्याज की भी गणना करें तो प्रदेश को नये एमओयू से 1 लाख 53 हजार करोड़ रूपयों का फायदा होगा।

श्री परनामी ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ एवं मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने छत्तीस की छत्तीस कौम को साथ लेकर प्रदेश के विकास का संकल्प लिया है। यही कारण है कि देश और प्रदेश में भाजपा ऐतिहासिक जनाधार के साथ आगे बढ रही है। मुख्यमंत्री श्रीमती राजे के नेतृत्व में हो रहे विकास पर जनता लगातार अपनी मुहर लगा रही है। उन्होंने कहा कि गत अशोक गहलोत सरकार ने जो काम 5 वर्ष में नहीं किये, भाजपा सरकार ने तीन वर्ष में ही उससे दोगुना से अधिक काम कर दिये हैं।

राष्ट्रीय महामंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने गरीब कल्याण के लिये धरातल पर काम किया है जबकि कांग्रेस पार्टी की सरकारें सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे तक ही सीमित रहीं। उन्होंने कहा कि विकास की यात्रा को पूरा करने के लिये देश और प्रदेश में निरन्तरता और स्थायित्व के साथ भाजपा सरकार बननी जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रीमती राजे की सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढने वाले बच्चों के 30 लाख से अधिक अभिभावकों को उनकी शिक्षा की व्यवस्था में भागीदार बनाया है जो स्वागत योग्य है।

प्रदेश सह प्रभारी श्री गोपाल शेट्टी ने कहा कि राजस्थान में हम अगले विधानसभा चुनावों में 180 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लकर चलें और कांग्रेस मुक्त भारत की परिकल्पना को पूर्ण साकार करने में योगदान दें।

बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के संयोजक श्री राजेन्द्र फडके ने इस अभियान में लोगों को अधिक से अधिक संख्या में जुटने का आव्हान किया। उन्होंने राजस्थान में एक्टिव ट्रैकर्स के माध्यम से लिंगानुपात में आये सुधार के लिये मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व की सराहना की।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री राजेन्द्र राठौड ने कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक के आरम्भ में सेना के शहीद जवानों एवं पार्टी के दिवंगत नेताओं को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

समिति की बैठक में सोमवार को आर्थिक प्रस्ताव, जीएसटी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती समारोह एवं संगठनात्मक परिचर्चायें होंगी।

इससे पहले एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकताओं ने जोर-शोर से स्वागत किया गया। रास्ते में जगह-जगह पर पुष्पवर्षा कर जोधपुरवासियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। स्वागत के लिये जगह-जगह श्रीमती राजे के होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर लगाये गये थे। होटल पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने भी उनका भव्य स्वागत किया।

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री वी. सतीश, केन्द्रीय विधि राज्य मंत्री श्री पी.पी. चौधरी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री अर्जुन मेघवाल, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री भूपेन्द्र यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री श्री यूनुस खान एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी सहित राज्यमंत्री परिषद् के अन्य सदस्य, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।

जोधपुर/जयपुर, 30 अप्रैल 2017