- Vasundhara Raje - http://vasundhararaje.in -

प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का संकल्प लें

बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने प्रदेशवासियों का आह्वान किया है कि वे कंधे से कंधा मिलाकर देश और प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाने का संकल्प लें। यही स्वतंत्रता दिवस पर हमारे देश के महान शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि स्वाधीनता दिवस जाति, धर्म और सम्प्रदाय से ऊपर उठकर पूरे देश को जोड़ने व सौहार्द की भावना को विकसित करने का महान अवसर है।

श्रीमती राजे बुधवार को स्वाधीनता दिवस के अवसर पर बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदान की याद दिलाते हुए राष्ट्र के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा देश महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। इसी तरह राजस्थान भी तेजी से आगे बढ़ते राज्यों की पंक्ति में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों में सकारात्मक बदलाव की शक्ति निहित होती है। हमारा प्रदेश देश का सिरमौर राज्य बने, इसके लिए हमारी महिला शक्ति को भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा।

पाक जेल से वतन लौटे गजानंद को एक लाख रुपए देने की घोषणा

श्रीमती राजे ने 36 साल बाद पाक जेल से रिहा होकर अपने वतन लौटे श्री गजानंद शर्मा का अभिनंदन किया और उन्हें अपनी ओर से 1 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद रुपए किसी व्यक्ति की 36 साल की तपस्या का मोल नहीं हो सकते। हमें गजानंद जी के आत्मबल और उनके देश के प्रति जज्बे की सराहना करनी चाहिए।

इस अवसर पर महापौर श्री अशोक लाहोटी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री जसबीर सिंह, राज्यसभा सांसद श्री मदनलाल सैनी, सांसद श्री रामचरण बोहरा, विधायक श्री अशोक परनामी, श्री मोहनलाल गुप्ता व श्री सुरेन्द्र पारीक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित थे।

जयपुर, 15 अगस्त 2018